पूर्व नगरपार्षद नीतू सोनी द्वारा अपने वार्ड में गुजरात गैस लिमिटेड की ओर से खोदे गए गहरे गड्ढों व उनसे होने वाली दुर्घटनाओं के सिलसिले में मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सैनी को भेजी गई शिकायत पर अब नगरपरिषद प्रशासन ने एक्शन लेना आरंभ कर दिया है।
इस कड़ी में बुधवार को नगरपरिषद प्रशासन ने गुजरात गैस लिमिटेड के स्थानीय प्रबंधन को सख्त लहजे में कहा कि जो गड्ढे उन्होंने अपनी गैस पाइप लाइन को बिछाने के दौरान किए थे, वे अविलंब भरवाएं ताकि किसी प्रकार की कोई गंभीर दुर्घटना न हो सके। नगरपरिषद प्रशासन सिरसा की ओर से दिए गए निर्देश के तुरंत बाद गुजरात गैस लिमिटेड प्रबंधन ने अपने कर्मचारी उन गड्ढों को भरवाने के काम पर लगा दिए। इससे वार्ड नंबर 20 व 21 के निवासियों ने पूर्व नगरपार्षद नीतू सोनी की इस पहल का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
गड्ढों की फोटो व विस्तृत रिपोर्ट भेजी थी सीएम को
काबिलेजिक्र है कि पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने 20 व 21 वार्डों में गुजरात गैस लिमिटेड की ओर से पाइप लाइन बिछाने के दौरान खोदे गए गड्ढों को बाद में खुला छोड़ दिया गया था। अहम बात यह है कि बरसात के सीजन में इन गड्ढों में पानी भरने के बाद यहां गड्ढों का पता ही नहीं चलता और वाहन चालक व पैदल चलने वाले लोग इसमें गिरकर चोटिल होने लगे। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ही पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने आमजन के हित के लिए इन गड्ढों की फोटो व इनसे होने वाली परेशानियों के संदर्भ में विस्तृत ब्यौरा मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सैनी को भेजा था। उस पत्र के आधार पर ही नगरपरिषद सिरसा ने अब गुजरात गैस लिमिटेड को इन गड्ढों को भरने की पहल करने को निर्देशित किया था।
गड्ढों की भेजी जाएगी फोटो: नीतू सोनी
पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने गुजरात गैस लिमिटेड की ओर से किए गए गड्ढों को भरने की प्रक्रिया का स्वागत करते हुए कहा कि वे अब अन्य क्षेत्रों में भी लिमिटेड की ओर से किए गए गड्ढों की तस्वीर व उनका पता गैस लिमिटेड व नगरपरिषद प्रशासन को भेजेंगे ताकि उन क्षेत्रों में किए गए गड्ढों को भी अविलंब भरवाया जा सके। नीतू सोनी ने बताया कि वार्ड 20 व 21 की विभिन्न गलियों व बाजारों में गहरे गड्ढों को भरवाने के लिए नगरपरिषद प्रशासन की ओर से अलग टेंडर लगाने की उनकी मांग पर भी नप ने कार्य आरंभ कर दिया है जिसका असर निकट भविष्य में देखने को मिलेगा।
