सिरसा।
शिक्षा और विज्ञान के प्रति जागरूकता से एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। इसी सोच के साथ युवा विद्यार्थियों के मन में वैज्ञानिक जांच और विश्लेषणात्मक सोच की भावना पैदा करने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष खंड एवं जिला स्तर पर विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया जाता है। इस कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा द्वारा सिरसा जिला के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को 22 जुलाई 2025 तक खंड स्तर पर प्रतियोगिता करवाने के लिए पत्र जारी कर दिया गया है। साथ ही 07 अगस्त 2025 को जिलास्तीय साइंस सेमिनार प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरपुर में आयोजित होगी। प्रोग्राम के नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डा. मुकेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष साइंस सेमिनार प्रतियोगिता का मुख्य विषय है क्वांटम युग का आगाज: सम्भावनाएं एवं चुनौतियां। इस वर्ष राज्य स्तरीय साइंस सेमिनार प्रतियोगिता सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम में आयोजित होगी और राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता विश्वेश्वरैया औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी संग्रहालय, बैंगलोर में 30 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के लिए होंगे ये नियम:
प्रतियोगिता में कक्षा 8 से 10वीं तक पढऩे वाले सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।
सेमिनार शुरू होने से पहले सभी प्रतिभागियों के लिए एक लिखित परीक्षा होगी। प्रतिभागियों को दिए गये विषय पर 5-6 मिनट की अवधि के लिए अपनी प्रस्तुती देनी होगी। इसके बाद उसी विषय पर निर्णायक मंडल के सदस्यों के द्वारा प्रत्येक प्रतिभागी से 3 प्रशन पूछे जायेंगें और प्रतिभागी को 2 मिनट के भीतर उनमे से किन्हीं 2 का उत्तर देना होगा। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुती के दौरान पोस्टरए चार्ट या कंप्यूटर आधारित स्टेटिक स्लाइड इस्तेमाल की जा सकती है, बशर्ते इनकी संख्या 5 से अधिक ना हो। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुती के दौरान 3डी मॉडल, एनीमेशन, पॉपअप रोल ओवर, विडियो के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।
साइंस सेमिनार प्रतियोगिता के निर्णय का मानदंड (100 अंक):
प्रस्तुती में वैज्ञानिक सामग्री 40 अंक, भाषण में प्रवाह 25 अंक, दृश्यों के उपयोग में नवीनता 15 अंक, प्रश्नों का उत्तर देने की क्षमता, 20 प्रश्नों का एक लिखित योग्यता परीक्षण (अधिकतम 20 मिनट) 10 अंक, प्रेजेंटेशन के बाद प्रश्न-उत्तर सत्र में प्रश्नों के उत्तर (3 में से 2 प्रशन) 10 अंक।
:
-खंड स्तर पर प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय साइंस सेमिनार प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
-वेद सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा।
:
-विज्ञान संगोष्ठी स्कूली विद्यार्थियों को एक मौका देती है कि वो जिज्ञासा और खोज की भावना से विज्ञान की दुनिया में नए आयाम स्थापित कर सकें।
-डा. मुकेश कुमार जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा।
