हरियाणा गर्वमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्ज यूनियन (रजि. नंबर 41) मुख्यालय चरखी दादरी, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की अगुवाई में बुधवार को सिरसा स्थित सिंचाई विभाग अधीक्षक अभियंता कार्यालय पर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान रमेश वर्मा ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव ओम प्रकाश ने किया।
इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता के माध्यम से प्रमुख अभियंता को मांगपत्र सौंपा गया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा लागू की जा रही रेशनेलाईजेशन नीति का विरोध रहा। यूनियन के जिला प्रधान रमेश वर्मा ने कहा कि सरकार की रेशनेलाईजेशन रिपोर्ट कर्मचारियों व बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, क्योंकि इसके जरिए लगातार पद समाप्त किए जा रहे हैं। इससे न केवल वर्तमान कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय होगा बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पूरी तरह खत्म हो जाएंगे।
राज्य उप प्रधान संदीप पुनिया ने सरकार से मांग की कि रेशनेलाईजेशन रिपोर्ट को तुरंत रद्द किया जाए, सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, निजीकरण की नीतियों पर रोक लगाई जाए, खाली पदों पर स्थायी भर्ती की जाए, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाए, मेडिकल कैशलेस सुविधा लागू की जाए तथा एक्सग्रेशिया योजना में लगाई गई सभी शर्तों को वापस लिया जाए। राज्य संगठन सचिव कृष्ण चमार खेड़ा ने बताया कि इन मांगों को लेकर यूनियन द्वारा 18 से 20 अगस्त तक प्रदेशभर में अधीक्षक अभियंता (बी एंड आर, पीएच, इरीगेशन) के माध्यम से एसीएस और ईआईसी को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
इसके बाद 6 सितंबर को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए बड़ा प्रदर्शन होगा और 13 सितंबर को मंत्री रणबीर गंगवा के आवास पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों को वापस नहीं लिया तो यूनियन राज्यव्यापी बड़े आंदोलन का आह्वान करेगी। इस अवसर पर राज्य संगठन सचिव निर्मल सिंह, जिला के कोषाध्यक्ष महावीर बेनीवाल, ऑडिटर प्रेम फौजी, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के राज्य के उप प्रधान महेंद्र शर्मा व जिला के प्रधान अशोक पटवारी, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदन लाल, जिला सचिव रमेश सैनी, सर्व कर्मचारी संघ ब्लॉक सिरसा के प्रधान ललित सोलंकी, चौपटा ब्लाक के प्रधान शिशपाल सोलंकी, मुख्य सलाहाकार दरिया सिंह, किसान नेता राजकुमार, नेहराना के ब्रांच प्रधान हरदत सहारन, आईबी सिरसा से सुख राम, रोड़ी से रंजीत मांडी, पब्लिक हेल्थ से राजेन्द्र, सिरसा से विरेन्द्र अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे।
