SIRSA
चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने अंग्रेजी एवं विदेशी भाषाएं विभाग के प्रो. पंकज शर्मा को सामुदायिक संपर्क एवं कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (Director, Community Relations & CSR) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। प्रो. पंकज शर्मा वर्तमान में मानविकी संकाय के डीन, अंग्रेजी एवं विदेशी भाषाएं विभाग के अध्यक्ष और प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
प्रो. पंकज शर्मा को अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य के शिक्षण और शोध में 28 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे वर्ष 1996 से स्नातकोत्तर कक्षाओं में अध्यापन कर रहे हैं और 2013 से प्रोफेसर के रूप में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने अब तक 60 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में शोध पत्र प्रस्तुत किए हैं और 40 से अधिक में मुख्य वक्ता एवं संसाधन व्यक्ति के रूप में भागीदारी की है। उनके द्वारा तीन पाठ्यपुस्तकों का सहलेखन किया गया है जो मैकमिलन इंडिया से प्रकाशित हुई हैं, साथ ही उनके 18 शोध लेख भी प्रकाशित हो चुके हैं।
उन्होंने अमितव घोष के उपन्यासों में इतिहास की पुनर्रचना और प्रस्तुति” विषय पर पीएच.डी. की है। उन्होंने कॉर्नेल यूनिवर्सिटी, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, मिशिगन यूनिवर्सिटी और जॉर्जिया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से विभिन्न डिजिटल और भाषा संबंधित कोर्स पूरे किए हैं।प्रो. शर्मा विवेकानंद पुस्तकालय के प्रभारी, आईक्यूएसी निदेशक जैसे प्रशासनिक पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। सामुदायिक जुड़ाव, साहित्यिक संवाद और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए एक उपयुक्त चयन बनाती है। उन्होंने कुलपति का धन्यवाद किया और कहा की वे कुलपति की उम्मीद पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
