हरियाणा की बड़ी खबरों में जींद जिले से हैं। गांव जलालपुर खुर्द में 27 जून की रात्रि खेतों में शराब पीने के बाद आपस में विवाद हो गया। इसके बाद इस झगड़े में 42 साल के बलजीत उर्फ बादल की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांशु को काबू कर लिया है। जानकारी के अनुसार हिमांशु को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस रिमांड के दौरान पुलिस अन्य 2 नामजद आरोपियों, मनीष और विजय, के बारे में पूछताछ करेगी, जो अभी तक फरार हैं। इस पूरे मामले की जानकारी एएसपी सोनाक्षी सिंह ने प्रेस वार्ता करके मीडिया को दी।
ये था मामला
आपको बता दें कि बीते 27 जून की रात्रि जलालपुर खुर्द के खेतों में बलजीत उर्फ बादल की ईंटों से मारकर मर्डर कर दिया गया। इसके बाद सुबह बादल का शव खेत में खून से लथपथ मिला, इसके सिर और चेहरे पर ईंटों के गहरे निशान थे।
पुलिस को घटनास्थल पर खून से सनी ईंट, शराब और बीयर की बोतलें भी मिली। मृतक का मोटरसाईकिल और मोबाइल फोन भी गायब थे। स्वजनों के मुताबिक बलजीत 27 जून की शाम घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। इसके बाद अगली सुबह उसका शव खेत में मिला।
स्वजनों का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में स्वजनों ने हत्या का आरोप गांव के ही मनीष, विजय और हिमांशु पर लगाया था। जांच में पता चला कि विजय उस रात खेत से घर लौट गया था, जबकि हिमांशु और बलजीत शराब ठेके से बोतल लेकर वापस खेत में आए थे। इसके बाद बलजीत की हत्या कर दी गई।
सदर पुलिस थाना जींद की प्रभारी पूजा ने बताया कि पुलिस ने हिमांशु, मनीष और विजय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। हिमांशु की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जलालपुर खुर्द निवासी हिमांशु को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
