हरियाणा की बड़ी खबरों में रेवाड़ी से हैं। रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर 2 ईएचसी को निलंबित कर दिया है, जबकि 2 एसपीओ को बर्खास्त कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार चारों पुलिस कर्मचारी कसोला थाने की ईआरवी (डायल 112) पर तैनात थे।
रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने बताया कि 29 जून को कंट्रोल रूम से कॉल आई थी। आरोप है कि कसोला पुलिस स्टेशन रेवाड़ी की ईआरवी पर तैनात ईएचसी धर्मेंद्र, दीपचंद और एसपीओ बलवान व पवन ने कॉल नहीं उठाया । कंट्रोल रूम से आई कॉल रिसीव नहीं होने की सूचना कंट्रोल रूम से रेवाड़ी पहुंची, इसके बाद चारों कर्मियों पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति आपात स्थिति में ही कंट्रोल रूम पर कॉल करता है। इस दौरान अगर उसे मदद न मिले तो बड़ा नुकसान हो सकता है। एसपी मीणा ने ईआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जनता के साथ अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। लिहाजा, सभी कर्मचारी ईमानदारी और जिम्मेदारी से ड्यूटी करें।
