नाथूसरी चोपटा निपुण हरियाणा शिक्षक प्रशिक्षणनाथूसरी चोपटा निपुण हरियाणा शिक्षक प्रशिक्षण

नाथूसरी चोपटा। निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत नाथूसरी चोपटा खंड में प्राथमिक शिक्षकों का छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिसमें 120 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को मजबूत करना तथा शिक्षकों की शिक्षण दक्षताओं में वृद्धि करना था, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुरूप निर्धारित दक्षताओं को प्राप्त कर सके।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों, गतिविधि-आधारित शिक्षण, रोचक शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग तथा बच्चों के सीखने के स्तर के नियमित आकलन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। शिक्षकों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।

खंड शिक्षा अधिकारी श्री सतबीर ढिढारिया ने प्रशिक्षण के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागी शिक्षकों एवं मास्टर ट्रेनर्स को बधाई देते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव है। यदि बच्चों को प्रारंभिक कक्षाओं में पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी दक्षताओं में निपुण बनाया जाए, तो उनकी आगे की शैक्षणिक यात्रा अधिक प्रभावी एवं सफल हो सकती है।

नाथूसरी चोपटा निपुण हरियाणा शिक्षक प्रशिक्षण
नाथूसरी चोपटा निपुण हरियाणा शिक्षक प्रशिक्षण

उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे कक्षा-कक्ष में गतिविधि-आधारित, आनंदमय एवं बाल-केंद्रित शिक्षण विधियों को अपनाएं तथा प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रगति पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक शिक्षक अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेगा और प्रत्येक बच्चे को उसकी आवश्यकता के अनुसार सीखने के अवसर प्रदान करेगा।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने विभिन्न शिक्षण गतिविधियों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण तकनीकों से अवगत कराया। प्रशिक्षण का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि नाथूसरी चोपटा खंड के सभी प्राथमिक विद्यालयों में प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि खंड का प्रत्येक बच्चा बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में निपुण बन सके।

खंड शिक्षा अधिकारी, नाथूसरी चोपटा ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी मास्टर ट्रेनर्स, बीआरपी, एबीआरसी, संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिभागी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *