केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में नाथूसरी कलां में सिरसा भादरा रोड 4 घंटे रहा जाम
ऐलनाबाद/चोपटा।(नरेश बैनीवाल) केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पारित किए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा नाथूसरी कला के पास सिरसा भादरा रोड पर भारत बंद के आह्वान के अंतर्गत रोड दोपहर 12 बजे से लेकर 4 बजे तक रोड जाम किया। इस दौरान सिरसा भादरा मार्ग पर यातायात पूर्णतया बंद रहा। क्षेत्र के किसानों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व कृषि मंत्री के विरोध में जमकर नारेबाजी की। उधर पुलिस प्रशासन भी पूरे दिन अलर्ट रहा। गिगोरानी बस स्टैंड से वाहनों को डायवर्ट किया गया, उधर दूसरी तरफ हंजीरा गांव से वाहनों को डायवर्ट किया गया। नाथूसरी चौपटा के चौधरी देवीलाल चौक से ही वाहनों को दूसरे मार्ग से भेजा गया। नाथूसरी कलां के आरोही मॉडल स्कूल में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने डेरा डाले रखा। पुलिस थाना प्रभारी सत्यवान के नेतृत्व में पुलिस ने चप्पे-चप्पे की जानकारी रखी। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी व एंबुलेंस की गाड़ियां भी तैनात रही। किसान आंदोलन को कांग्रेसी नेता होशियारी लाल शर्मा समर्थन देने के लिए धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सदा से ही किसान विरोधी सरकार रही है, और अब तीन काले कानून लाकर किसानों को पूरी तरह बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि इस सरकार से हर वर्ग दुखी है। तीनों कृषि कानून काले कानूनों के विरोध में वीरवार सुबह से ही क्षेत्र के शाहपुरिया, चाहर वाला, नाथूसरी कलां, गिगोरानी, रुपावास, खेड़ी, गुसाईयाना, रामपुरा ढिल्लों ,हंजीरा, जमानियां, कुत्तियाना, नारायणा खेड़ा, डिंग मंडी, शेरावाली ढाणी, खारियां, जमाल सहित सभी गांवों के किसान धरना स्थल पर एकत्रित होने शुरू हो गए।


